हरियाणा के अम्बाला में ‘अटल कैंसर केयर केंद्र’ की शुरुआत, जेपी नड्डा ने किया उद्घाटन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (09/05/2022): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज सोमवार को हरियाणा के अंबाला में अटल कैंसर केयर केंद्र का उद्घाटन किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि अटल कैंसर केयर सेंटर जो आज जनता को समर्पित हुआ है, इसमें कई मॉड्यूलर सुविधाएं दी गई है। इसमें जो आधुनिक मशीनें लगाई गई हैं, वो पीजीआई चंडीगढ़ के बाद उत्तर भारत के किसी दूसरे अस्पताल में लगाई गई हैं। इस अस्पताल का लाभ हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड व अन्य राज्यों के लोग भी लेंगे।

जेपी नड्डा ने कहा कि देश का सबसे बड़ा कैंसर अस्पताल भी हरियाणा के झज्जर में स्थापित किया गया है। लगभग 2,035 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया ये 710 बिस्तरों वाला सबसे बड़ा कैंसर अस्पताल है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक अटल जी की सरकार नहीं आई थी, तब तक देश में 1 एम्स होता था। अटल जी की सरकार आने के बाद 6 एम्स देश भर में बने। लेकिन उसके बाद यूपीए की सरकार में 10 साल तक एक भी एम्स नहीं बना। उसके बाद जब मोदी सरकार आई तो फिर से देश में 16 एम्स बने हैं।

इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर इसके अलावा हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री कंवरपाल, खेल मंत्री संदीप सिंह और सांसद रतन लाल कटारिया समेत कई मंत्री और विधायक मौजूद थे।