‘देश में जितने भी मेट्रो सिटी है उसमें से सबसे ज्यादा क्राइम दिल्ली में’ : आप विधायक आतिशी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (08/05/2022): आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी मार्लेना ने कहा कि दिल्ली में सबसे ज्यादा क्राइम के मामले आते हैं। दरअसल उन्होंने आज रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि देश में जितने भी मेट्रो सिटी है उसमें से सबसे ज्यादा क्राइम दिल्ली में होते है। देश भर से 40% रेप के मामले, 25% मर्डर के मामले और 5500 जघन्य अपराध दिल्ली में होते हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दिल्ली पुलिस का रिपोर्ट कार्ड है। दिल्ली में रोज रेप और मर्डर हो रहे हैं क्योंकि दिल्ली पुलिस बीजेपी के गुंडों को सुरक्षा देने में व्यस्त है।

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली के आम आदमी के पास कोई भी सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है। दिल्ली में आम इंसान के साथ मर्डर होता है, रेप होता है, किडनैपिंग होती है, गोलियां चलती है और चाकू चलता है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी के गुंडों को बचाने के लिए दिल्ली पुलिस की सारी फोर्स सड़क पर उतर जाती है और हरियाणा तक चली जाती हैं। उन्होंने कहा कि तो इससे साफ हो जाता है कि दिल्ली में एक आम इंसान लॉ एंड ऑर्डर की बिगड़ती हुई परिस्थिति से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इसके पीछे एक ही कारण है। दिल्ली पुलिस भारतीय जनता पार्टी के गुंडों, लफंगों और दंगाइयों को जो सुरक्षा देने और बचाने में व्यस्त हैं, इसकी वजह से दिल्ली के आज आम इंसान परेशान हैं।