रसोई गैस सिलेंडर के बढ़े दामों पर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी.

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (07/05/2022): देशभर में आज रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी गया है। गैस के बढ़े हुए दामों के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के घर के बाहर प्रदर्शन किया है। दिल्ली युथ कांग्रेस ने कहा कि आज फिर गैस के दाम 50 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। रसोई गैस की कीमत अब 1000 रुपए हो गई है इसलिए रसोई गैस के बढ़े दामों के खिलाफ युवा कांग्रेस के साथियों ने प्रदर्शन किया है।

भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हाथों में खाली गैस स‍िलेंडर, गोबर के उपले और गैस के पोस्टर लेकर विरोध किया है। उन्होंने नारा लगाते हुए कहा, “गैस के दाम 1000 रुपये हो गए ओ माय गॉड ओ माय गॉड।” भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को गोबर के उपले देने आए हैं और आज शाम का खाना वह उपले पर बनाए और देखें कि कैसे इस देश के लोग धुंए से जूझ कर रोटियां बना रहे हैं क्योंकि सिलेंडर के रेट इतने महंगे हो गए हैं।

बता दें कि प्रदर्शन में भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, दिल्ली सह प्रभारी खुशबू शर्मा, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रणविजय सिंह लोचव, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव समेत अनेकों युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।