मजबूत हो रहा आम आदमी पार्टी का कुनबा, आईएएस संस्थान के प्रसिद्ध शिक्षक संजीव शर्मा ने थामा आप का दामन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (6 मई 2022): देशभर के अलग अलग राज्यों में आम आदमी पार्टी धीरे-धीरे अपना पांव पसार रही है और क्षेत्रीय पार्टी से राष्ट्रीय विकल्प बनने की दिशा में अग्रसर है। देशभर के अलग अलग राज्यों लगातार कई शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता जैसे बौद्धिक क्षमता के महनीय व्यक्तित्व आम आदमी पार्टी का दामन थाम रहे हैं।

इस बाबत देश के सबसे लोकप्रिय भूगोल के शिक्षक संजीव शर्मा ने 5 मई यानि बृहस्पतिवार को हरियाणा के कद्दावर नेता अशोक तंवर के उपस्थिति में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।

कौन हैं संजीव शर्मा

संजीव शर्मा आईएएस की तैयारी के लिए भूगोल विषय के देश के सबसे लोकप्रिय, प्रतिष्ठित, ख़्वाति प्राप्त एवं प्रखर शिक्षक हैं ,20 वर्षों से दिल्ली के मुखर्जीनगर में कई प्रतिष्ठित संस्थानों में भूगोल विषय का अध्ययन- अध्यापन कराते रहे हैं।

जानें संजीव शर्मा की उपलब्धियां

वर्तमान में संजीव शर्मा के सानिध्य से चयनित हजारों छात्र भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, आयकर सेवा ,राज्य के अलग अलग पदों सहित नौकरशाही में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन के लिए राजनीति में आया

आम आदमी पार्टी का दामन थामने के बाद संजीव शर्मा ने टेन न्यूज से बात करते हुए कहा कि “अबतक हमने हजारों छात्र-छात्राओं के सफलता का मार्ग प्रशस्त कर शिक्षक होने के दायित्वों का निर्वहन किया है।आज देशभर में एक भी ऐसा जिला नहीं है जहां हमारे छात्र किसी जिम्मेदार पद पर कार्यरत ना हो।

अब समय आ गया है राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन का ,और उसी के निर्वहन हेतु राजनीति में आया हूँ। आम आदमी पार्टी की जन कल्याणकारी योजनाएं एवं नीतियों से प्रभावित हूँ ,और इसीलिए हमने आज आधिकारिक रूप से आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।।