पंजाब उच्च न्यायालय ने कवि कुमार विश्वास की गिरफ़्तारी पर लगाई रोक, केजरीवाल को लगा झटका!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (02/05/2022): कवि और आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता कुमार विश्वास को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने राहत दे दी है। उच्च न्यायालय ने कवि कुमार विश्वास की गिरफ्तारी पर रोक लगा दिया है। फिलहाल कुमार विश्वास को यह अंतरिम राहत दी गई है। उन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कथित बयान देने का आरोप है। इस मामले में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने उसके खिलाफ पंजाब के रोपड़ में मामला दर्ज कराया था।

आप के पूर्व नेता कुमार विश्वास ने पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्हें अलगाववादी संगठन और खालिस्तानी आंदोलन से जुड़े लोगों से मदद लेने में कोई आपत्ति नहीं है‌। साथ ही उन्होंने ये भी कहा था कि वह या तो मुख्यमंत्री बनेंगे या एक स्वतंत्र राष्ट्र के पहले पीएम बनेंगे। उन्होंने कहा था कि उन्हें बस किसी भी कीमत पर सरकार और सत्ता चाहिए।

बता दें कि इस मामले में आप के नेताओं ने कुमार विश्वास के खिलाफ पंजाब के रोपड़ में केस दर्ज कराया था। इसके बाद पंजाब पुलिस 20 अप्रैल को गाजियाबाद में स्थित कुमार विश्वास के घर पहुंची थी। इस बात की जानकारी खुद कुमार विश्वास ने ट्वीट करके दिया था। साथ ही, उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को आगाह भी किया कि वह जिसके कहने पर यह सब कर रहे हैं, वह मान और पंजाब को धोखा देगा। देश मेरी चेतावनी याद रखे। कुमार विश्वास के अलावा कांग्रेस नेता अलका लांबा के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया था और उस पर कुमार विश्वास द्वारा की गई टिप्पणी का समर्थन करने का आरोप है।