जनता महंगाई से त्रस्त है, सियासी पार्टियां ट्विटर पर ट्वीट-ट्वीट खेल रही है

टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (30/04/2022)

भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में पेट्रोल और डीजल पर वैट कम करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने की मांग को लेकर उनके घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया है। भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सवाल करते हुए कहा कि जब अन्य राज्य और UT VAT कम कर सकते हैं तो दिल्ली सरकार ऐसा क्यों नहीं कर रही? वहीं आम आदमी पार्टी ने आदेश गुप्ता के ट्वीट के रीट्वीट करते हुए कहा कि मोदी सरकार की वजह से जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा है। आप ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने 8 साल में जनता से 27 लाख करोड़ रुपए वसूले है। ये पैसा कहां गया?

वहीं आम आदमी पार्टी ने आदेश गुप्ता के सवालों के जवाब देते हुए ट्वीट में लिखा है, “मोदी सरकार की वजह से बढ़ा जनता पर महंगाई का बोझ। पेट्रोल पर मोदी सरकार द्वारा उत्पाद शुल्क ₹27.90 है और दिल्ली सरकार द्वारा वैट ₹17.13 हैं। वहीं डीजल पर मोदी सरकार द्वारा उत्पाद शुल्क ₹21.80 है और दिल्ली सरकार द्वारा वैट ₹14.12 हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने 8 साल में जनता से 27 लाख करोड़ रुपए वसूले है। ये पैसा कहां गया?”

बता दें कि भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा डीजल पर VAT कम न करने के विरोध में दिल्ली भाजपा का मुख्यमंत्री आवास पर प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ये बताएं कि जब अन्य राज्य और UT VAT कम कर सकते हैं तो दिल्ली सरकार ऐसा क्यों नहीं कर रही? उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्यों आप दिल्ली की जनता को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नही उठाना चाहते?