डॉ. हर्षवर्धन का केजरीवाल पर हमला: माफियाओं के दबाव में दिल्ली के ग़रीबों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ क्यों?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16/04/2022): भारतीय जनता पार्टी के सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने ‘आयुष्मान भारत योजना’ को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। दरअसल उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली के लोग प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना का लाभ ‘वन नेशन, वन हेल्थ कार्ड’ की तर्ज पर पूरे देश में ले सकते थे, आपने जरूरतमंद लोगों को इस योजना से वंचित क्यों किया? माफियाओं के दबाव में दिल्ली के ग़रीबों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ क्यों?

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को गरीबों से इतनी नफरत क्यों है? आयुष्मान भारत योजना आज गरीबों की जय बनी हुई है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि निजी अस्पतालों से सांठ-गांठ के कारण अरविंद केजरीवाल की सरकार ने इस जनकल्याणकारी योजना को बजट में वादा करने के बावजूद लागू न करके दिल्ली की गरीब और असहाय जनता को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि हकीकत तो ये है कि दिल्ली सरकार ने आयुष्मान भारत योजना को लागू करने की जगह लटकाने के लिए अजीब सी शर्त रखी है। योजना का नाम मुख्यमंत्री आम आदमी बीमा योजना आयुष्मान भारत रखा जाएगा ताकि दिल्ली के गरीब को केंद्र सरकार द्वारा दिया जा रहा लाभ न मिल सके और वो मोदी सरकार का हितैषी न बन जाए।

बता दें कि आज से भारतीय जनता पार्टी ‘आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर’ की चौथी वर्षगांठ मना रहे हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मोदी सरकार पूरे देश में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा को मज़बूत कर रही है। देश में 1,17,000 से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र संचालित हैं, जो लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।