मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ेंगे नीतीश!, तो कौन बनेगा बिहार का मुखिया

टेन न्यूज नेटवर्क

पटना (31 मार्च 2022): बिहार की सियासी गलियारों में एकबार फिर चर्चा का बाजार गर्म है, राजनीतिक पंडितों से लेकर सियासी सूरमाओं तक सब समीकरण समझने में लगे हुए हैं। दरसल दावा यह किया जा रहा है कि बिहार में अब सुशासन बाबू का राज नहीं होगा,यानि सूबे के मुखिया नीतीश कुमार अब अपनी कुर्सी छोड़ देंगे।

ज्ञात हो कि 2020 के विधानसभा चुनाव में बिहार में एनडीए की सरकार बनी थी ,जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) 74 सीटों पर जीत हासिल कर गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में था, वहीं जनता दल यूनाइटेड (JDU) 43 हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) 04 और मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (VIP) 04 सीटों पर जीत हासिल किया था। जिसके बाद सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री एवं भाजपा कोटे से तारकेश्वर प्रसाद और रेणु देवी को उपमुख्यमंत्री का जिम्मा सौंपा गया था।

वहीं अगर हम बिहार की वर्तमान स्थिति को देखें तो अभी BJP के पास 77 विधायक हैं, वहीं जदयू और हम की बराबर संख्या है लेकिन मुकेश सहनी की पार्टी VIP अब जीरो पर पंहुच चुकी है।

सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी ने बिहार में एकबार फिर सियासत गरमा दिया है, सूत्रों का दावा है कि बिहार के मुखिया यानि नीतीश कुमार अब अपनी कुर्सी छोड़ देंगे और बिहार में भजपा एक नई पारी की शुरुआत करेगी जिसमें भाजपा के मुख्यमंत्री और जदयू कोटे से 02 उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे।

इन दावों को और अधिक बल तब मिला जब मुख्यमंत्री कुमार ने मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि मैं अबतक राज्यसभा को छोड़कर सभी सदनों का सदस्य बन चुका हूँ, अब राज्यसभा में जाने की इच्छा है। अगर हम सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार को भाजपा उपराष्ट्रपति बनाकर राज्यसभा भेजने के जुगत में है, और शायद कुमार पत्रकारों के बीच यही संकेत दे रहे थे।

जानें कौन है मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बनने के रेस में सबसे आगे

यदि यह बात सच होती है तो राजनीतिक पंडितो के अनुसार भाजपा किसी ना किसी ओबीसी या दलित चेहरे को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाएगी, ताकि राजनीतिक समीकरण एवं संतुलन बना रहे। और मुख्यमंत्री बनने के रेस में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सबसे आगे दिख रहे हैं , इसके अलावा मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए सम्राट चौधरी और शाहनवाज हुसैन भी रेस में है।

वहीं उपमुख्यमंत्री के रेस में सबसे आगे मुंगेर से सांसद और जदयू अध्यक्ष ललन सिंह का नाम है और नीतीश कुमार के खास माने जाने वाले मंत्री विजय चौधरी भी रेस में हैं।