साबरमती आश्रम में गांधी जी के मूल भवन में परिवर्तन गांधी जी की “सादा जीवन” शैली के विरुद्ध है’ : आप सांसद संजय सिंह

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (14/03/2022): आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने साबरमती आश्रम में महात्मा गांधीजी के मूल भवन को परिवर्तित नहीं करने के संबंध में राज्यसभा में नोटिस दिया है। उन्होंने नोटिस में कहा कि मोदी सरकार द्वारा ₹1200 करोड़ की लागत से साबरमती आश्रम को नया बनाने का काम किया जा रहा है और सरकार द्वारा यह कार्य गांधीजी के सादा विचार और सादा जीवन शैली के विरुद्ध किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि सदन में शून्यकाल के दौरान उन्हें इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर बोलने की अनुमति दी जाए और उन्होंने कहा कि गांधीजी के इस महान आश्रम की यह क्षति को देखकर देशवासी गंभीर चिंता में है।

उन्होंने नोटिस में कहा है, “सरकार द्वारा 1200 करोड़ रुपये की लागत से महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम को नया बनाने का काम किया जा रहा है। सरकार द्वारा यह कार्य गांधीजी के सादा विचार और सादा जीवन शैली के विरुद्ध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना की वजह से गांधीजी का सबसे महत्वपूर्ण स्मारक और स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियां धूमधाम और व्यावसायीकरण में हमेशा के लिए खो जाएंगी। देश में प्रतिष्ठित लोहिया विचारक रघु ठाकुर जी ने भी सरकार के इस कदम पर खेद जताया है।”

उन्होंने कहा है कि गांधी आश्रम इस देश के लोगों की अपनी जमीन है जहां शांति और सात्विकता के लिए लोग जाते हैं। ऐसे में इस पवित्र और निर्मल आश्रम की सादगी को व्यवसायिकरण की चकाचौंध और मशीनीकरण द्वारा समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से प्रार्थना की है कि इसके मूल भवन को परिवर्तित ना किया जाए और तय निर्माण पास के किसी स्थान पर करने का कष्ट करें।

उन्होंने कहा कि गांधीजी के इस महान आश्रम की यह क्षति को देखकर देशवासी गंभीर चिंता में है। उन्होंने अपील करते हुए कहा है कि सदन में शून्यकाल के दौरान मुझे इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर बोलने की अनुमति दीजिए।