भ्रष्ट विधायकों, पार्षदों की फौज है आम आदमी पार्टी : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (19/02/2022): दिल्ली कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश के सबसे अधिक भ्रष्ट विधायकों और पार्षदों की फौज आम आदमी पार्टी के है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार व अलगाववाद के दौर से बाहर आकर ही बाबा साहेब और भगत सिंह के सपनों का भारत बन सकता है। दरअसल आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के 240 सरकारी स्कूलों में 12430 नए ‘स्मार्ट क्लासरूम’ का उद्घाटन किया है और उन्होंने ट्वीट में लिखा है देश के सारे भ्रष्टाचारी हमारे ख़िलाफ़ इकट्ठे हो गए हैं आज उनको नए ‘स्मार्ट क्लासरूम’ से करारा जवाब देंगे और देश इन भ्रष्टाचारियों के सामने नहीं झुकेगा।

वहीं दिल्ली कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने अरविंद केजरीवाल के ट्वीट को रीट्वीट कर निशाने साधते हुए लिखा है, “देश के सबसे अधिक भ्रष्ट विधायकों, पार्षदों की फौज आम आदमी पार्टी है। 12430 सेमी-पर्मानेंट क्लासरूम में भ्रष्टाचार हुआ, 17.44 लाख का एक क्लासरूम बनाने का खर्च 22.69 लाख हो गया। भ्रष्टाचार व अलगाववाद के दौर से बाहर आकर ही बाबा साहेब व भगत सिंह के सपनों का भारत बन सकता है।”

बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा था, “देश के सारे भ्रष्टाचारी हमारे ख़िलाफ़ इकट्ठे हो गए हैं। आज हम दिल्ली के स्कूलों में 12,430 अत्याधुनिक क्लासरूम शुरू करके उनको करारा जवाब देंगे। ये देश इन भ्रष्टाचारियों के सामने नहीं झुकेगा। अब देश ने ठान ली है। अब देश आगे बढ़ेगा। बाबा साहिब और भगत सिंह के सपने पूरे होंगे।”