प्रसिद्ध संगीतकार और गायक बप्पी लहरी के निधन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित अन्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16/02/2022): प्रसिद्ध संगीतकार और गायक बप्पी लहरी का आज 69 वर्ष की आयु में निधन हो गया है जिससे पूरे देश में शोक की लहर है। उनकी आवाज का ना केवल देश दीवाना था बल्कि विदेशों में भी उनके प्रशंसकों की एक बड़ी तादाद थी। उनके निधन पर देश के तमाम लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं, वहीं दिल्ली के दिग्गज नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा है “मशहूर गायक एवं संगीतकार श्री बप्पी लहरी जी के निधन का दुखद समाचार मिला। बप्पी दा का जाना संगीत की दुनिया के लिए एक बड़ी क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं परिजनों और उनके चाहने वालों को ये दुख सहन करने की शक्ति दें।”

दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने ट्वीट में लिखा है, “लोकप्रिय गायक एवं संगीतकार श्री बप्पी लहरी जी के निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। समस्त संगीत जगत एवं संगीत प्रेमियों के लिए यह दुख का पल है। संगीत क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।”

भारतीय जनता पार्टी दिल्ली अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने ट्वीट कर लिखा है कि वयोवृद्ध गायक-संगीतकार श्री बप्पी लहरी जी के निधन से गहरा दुख हुआ। बप्पी जी की सुनहरी आवाज और मनमोहक संगीत हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा। दुनिया भर में उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर-कंपोज़र बप्पी लहरी का वुधवार को निधन हो गया। उन्होंने 69 साल की उम्र में मुंबई के जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल में अंतिम सांस ली। बप्पी लहरी पिछले 1 साल से ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया और बार-बार होने वाले सीने में संक्रमण से पीड़ित थे जिसकी वजह से उनका निधन हो गया।।