भारत में 12वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर, जाने इसके महत्व और इतिहास

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (2‌5/01/2022) : भारत में प्रति वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। चुनाव आयोग मंगलवार यानी 25 जनवरी 2022 को 12वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मना रही है। इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है और नये मतदाताओं को सम्मानित भी किया जायेगा। 25 जनवरी, 2011 को पहली बार राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया जिसे तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार ने कानून मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इस दिन का ऐलान किया। इसके बाद से ही हर साल इस दिन राष्ट्रीय मतदाता दिवस को देशभर में मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य मतदान करने के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना है।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा कि “भारत के प्रत्येक वयस्क नागरिक को वोट देने का अधिकार उसी समय दिया गया था जब भारत ने अपनी स्वतंत्रता प्राप्त की थी। 18% साक्षरता दर वाले नव-स्वतंत्र देश के लिए, यह वास्तव में एक क्रांतिकारी कदम था। आज देश में 95.3 करोड़ से अधिक मतदाता हैं जिनमें 49 करोड़ पुरुष मतदाता और 46 करोड़ महिला मतदाता हैं। इनमें 1.92 करोड़ वरिष्ठ नागरिक हैं। हमने चुनाव वाले सभी पांच राज्यों में टीकाकरण की गति बढ़ाने पर जोर दिया है और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी इंतजाम किए जाएंगे कि यह चुनाव पूरी तरह सुरक्षित रहे।”

भारत के उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने आज चुनाव आयोग और नागरिकों से चुनावी लोकतंत्र को और अधिक समावेशी बनाने के लिए अगले आम चुनावों में 75% मतदान सुनिश्चित करने का आग्रह किया और एक साथ चुनावों पर आम सहमति बनाने की भी मांग की।

भाजपा के लोकसभआ सदस्य, मीनाक्षी लेखी ने लिखी है कि हम सभी लोकतंत्र के त्योहार में सक्रिय भाग लेने का संकल्प लें और इस राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर, हम अपने मतदाताओं को सूचित विकल्प बनाने और हमारी चुनावी प्रक्रिया को अधिक जीवंत और सहभागी बनाने के लिए उनके कई प्रयासों के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) का आभार व्यक्त करते हैं। आइए हम सभी लोकतंत्र के त्योहार में सक्रिय भाग लेने का संकल्प लें।

भाजपा के राज्य सभा सांसद दुष्यंत कुमार गौतम ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मतदान आपका लोकतांत्रिक अधिकार ही नहीं अपितु कर्तव्य भी है इसलिए अपने मताधिकार के प्रति जागरूक बने और अन्य लोगों को भी जागरूक करें। देश के समस्त मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।