कांग्रेस की पहली सूची जारी, उन्नाव रेप पीड़िता की मां आशा सिंह को टिकट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (13/01/2022): उत्तर प्रदेश आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश चुनाव में 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। कुल 125 उम्मीदवारों की पहली सूची में 50 उम्मीदवार महिलाएं हैं। महिलाओं में कुछ पत्रकार, एक अभिनेत्री, कुछ संघर्षशील महिलाएं, कुछ समाजसेविकाएं हैं। जिसमें उन्नाव रेप पीड़िता की मां आशा सिंह भी शामिल हैं। शाहजहांपुर से हमने आशा कार्यकर्ता पूनम पांडे को मैदान में उतारा है। वे ऐसी महिलाएं हैं जिन्होंने अपने जीवन में बहुत अत्याचार देखा और उसके खिलाफ लड़ा है। ट्विटर पर लगातार #Unnao #UttarPradeshElection2022 ट्रेंड कर रहा है।

पहली सूची जारी करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा कहती है- ” हमने ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की कोशिश की है, जिन्होंने उत्तर प्रदेश में न्याय पाने के लिए संघर्ष किया है और लड़ने की ताकत रखते हैं। इस बार हमने विधानसभा चुनाव में उन्नाव रेप पीड़िता की मां को कांग्रेस प्रत्याशी बनाया है। हम 40 फीसदी महिलाओं और 40 फीसदी युवाओं को मैदान में उतारकर, हम राज्य में नई तरह की राजनीति शुरू करने की उम्मीद करते हैं।”

वहीं उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहती हैं “उत्तर प्रदेश सरकार तानाशाह है, हमारा फोकस उत्तर प्रदेश में लोगों के मुद्दों, महिलाओं और विकास को केंद्र में लाना है।”

राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा का समर्थन करते हुए ट्वीट में लिखा है “उन्नाव में जिनकी बेटी के साथ भाजपा ने अन्याय किया, अब वे न्याय का चेहरा बनेंगी- लड़ेंगी, जीतेंगी!”

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में कुल 403 सीटें हैं जिस पर चुनाव होना है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 7 चरणों में किया जाना है। 10 फरवरी को पहले चरण का मतदान है। जबकि 7 मार्च को आखिरी चरण का मतदान है। वहीं 10 मार्च को नतीजे घोषित किए जाएंगे।