काव्यसृजन महिला मंच तथा दिल्ली पब्लिक ला इब्रेरी ने किया लब्धप्रतिष्ठित महिलाओं का सम्मान

नई दिल्ली : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस शक्ति पर्व के शुभ अवसर पर शनिवार, नांक – 09/03/2019 को काव्यसृजन महिला मंच तथा दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी, चांदनी चौक के संयुक्त तत्वावधान में लाइब्रेरी के भव्य सभागार में विभिन्न क्षेत्रों में अपना विशिष्ट मुकाम हासिल करने वाली लब्धप्रतिष्ठित महिलाओं के लिए सम्मान समारोह तथा सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आई.ए.एस अधिकारी माननीय इरा सिंघल जी, उपायुक्त उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने की। माननीया इरा सिंघल जी की गरिमामय उपस्थिति ने कार्यक्रम को अत्यंत गौरवान्वित किया। साथ ही कार्यक्रम में दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी के महानिदेशक माननीय लोकेश शर्मा जी का भी विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ।

” काव्य सृजन महिला मंच ” की वरिष्ठ राष्ट्रीय अध्यक्षा डॉ0 संगीता शर्मा ‘अधिकारी’ ने सम्मान व सांस्कृतिक समारोह का शानदार व कुशल मंच संचालन किया।

किसी भी कार्य की निर्विघ्न समाप्ति के लिए हम उस परमपिता परमात्मा का स्मरण करते हैं और उसी क्रम में कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा मां शारदे को माल्यार्पण करने के पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर तमस से ज्योति की ओर गमन की सांस्कृतिक धरोहर का निर्वहन किया गया। तत्पश्चात काव्य गोष्ठी का प्रारंभ सुश्री ज्योति की भावपूर्ण सरस्वती वंदना से हुआ।

सभी मंचासीन अतिथियों का स्वागत उनको तिलक लगाकर अंगवस्त्र तथा पुस्तक भेंट करके किया गया। इस शुभ अवसर का प्रारंभ माननीया इरा सिंघल जी अपने प्रेरणादायक वक्तव्य से किया।तत्पश्चात सभी कवि-कवयित्रियों ने अपने काव्य रस की वर्षा से सबको आनन्दित किया। इस अभिव्यक्ति की दोहर को जीते हुए मन के मनके तराशने के लिए एक नई उमंग व उत्साह के साथ सभी कवि-कवयित्रियों ने माँ, प्रेम, समाज, बेटियों एवं देश-प्रेम आदि पर आधारित एक से बढ़कर एक रचनाएं पढ़ी और सभी ने काव्य पाठ का भरपूर आनन्द उठाया।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह एक विलक्षण संयोग बना कि 09 तारीख़ और 09 क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त निम्न 09 लब्धप्रतिष्ठित महिलाओं को सम्मानित किया गया-:

1. साहित्यिक क्षेत्र – डॉ0 सुधा उपाध्याय, प्रोफेसर दिल्ली विश्वविद्यालय।

2. चिकित्सा – डॉ0 शिल्पा शर्मा, एम्स अस्पताल, नई दिल्ली।

3. पत्रकारिता – रागिनी यादव, प्रिंट मीडिया, सौराष्ट्र भारत।

4. प्राच्य विद्या ज्योतिष शास्त्र – शैलका शर्मा, स्पिरिचुअल हीलर।

5. न्यूट्रीशियन – निक्की डबास,अध्यक्षा, न्यूट्रीशियन एसोसिएशन।

6. सामाजिक क्षेत्र – सुमिता दास, अध्यक्षा,कैंसर पीड़ित महिला एन जी ओ।

7. सांस्कृतिक क्षेत्र – सुश्री राखी बिष्ट, नृत्यांगना, खिलाड़ी, कवयित्री।

8. शैक्षणिक – श्रीमती प्रीति शर्मा, गणित अध्यापिका, सर्वोदय विद्यालय, द्वारका सेक्टर-9।

9. बहुआयामी क्षेत्र – डॉ0 संगीता शर्मा ‘अधिकारी’, राजभाषा अधिकारी (भा.वि.प्रा.) कवयित्री, अभिनेत्री, गायिका, नृत्यांगना, संयोजक, संचालक, सामाजिक कार्यकर्ता व राष्ट्रीय अध्यक्षा, काव्यसृजन महिला मंच।

साथ ही कार्यक्रम के अंत में दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी द्वारा सभी कवियों यथा-पंकज तिवारी, डॉ0 शिखा तेजस्विनी, डॉ0 उषा सिंह, चित्रा चक्रवर्ती, पुष्प लता सिंह, ममता लाड़ीवाल, मोहित वर्मा आदि सभी को सम्मानित किया गया। इन सभी की गौरवांवित उपस्थिति ने सम्मान समारोह व काव्य गोष्ठी को बेहद सफल बनाया।

काव्यसृजन महिला मंच द्वारा दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी, चाँदनी चौक, नई दिल्ली के सभागार में आयोजित इस काव्य गोष्ठी में मुंबई से श्री राजेश जौहरी जी भी उपस्थित रहे जो हैंड राइटिंग एनालेसिस्ट हैं और उन्होंने ” फिर लिखेगा दिल्ली ” कैप्शन के अंतर्गत सभी को लिखावट से की विशेषताओं से परिचित कराया। आजकल हम लिखना काम करते जा रहे हैं तो उन्होंने बताया कि हमें लिखना क्यों जरूरी है । हमें क्यों लिखना चाहिए। लेखन के क्या लाभ होते हैं और उससे किस प्रकार आपका व्यक्तित्व निखरता है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम की अनेक विशिष्ट उपलब्धियां रहीं जिसमे महिलाओं के साथ-साथ कवि-पुरूष-मित्रों ने भी काव्य पाठ कर वातावरण को अत्यंत आह्लादित कर दिया।

अंत में डॉ0 संगीता शर्मा ‘अधिकारी’ द्वारा आईएएस अधिकारी माननीया इरा सिंघल जी, दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी के महानिदेशक माननीय लोकेश शर्मा जी, सभी लब्धप्रतिष्ठित सम्मानित महिलाओं, कवि-कवयित्रियों, श्रोताओ आदि का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।