हरियाणा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी ने झ ोंकी पूरी ताकत

New Delhi, (2/1/2019): हरियाणा में चुनावों की तैयारी के लिए आम आदमी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। आम आदमी पार्टी, हरियाणा में डोर-टू-डोर अभियान के लिए अब दूसरे राज्यों के अपने वरिष्ठ पदाधिकारियों को मैदान में उतारने जा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक, अरविंद केजरीवाल ने 1 फरवरी, 2019, शुक्रवार को इन पदाधिकारियों को डोर-टू-डोर की ट्रेनिंग दी।

पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा में हर कोई दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज की तारीफ कर रहा है। हरियाणा के लोगों को आम आदमी पार्टी से बहुत उम्मीदें हैं। आप सभी को घर-घर जाकर लोगों को विश्वास दिलाना है कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी चुनाव जीतेगी, सरकार बनाएगी और दिल्ली से भी ज्यादा काम करके दिखाएगी।

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री और हरियाणा के प्रभारी गोपाल राय ने बताया कि ट्रेनिंग प्रोग्राम के इस चरण में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए करीब 500 वरिष्ठ पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

गोपाल राय बताते हैं कि सबसे पहले हरियाणा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए उतारा गया। इसके बाद डोर-टू-डोर कैंपेन के दौरान आम आदमी पार्टी के साथ जुड़कर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हुए नये कार्यकर्ताओं को अरविंद केजरीवाल ने इस कैंपेन के लिए ट्रेनिंग दी। ये नये सक्रिय कार्यकर्ता अभी हरियाणा के विभिन्न गांवों में घर-घर जा रहे हैं। इसके अलावा मिस्ड काॅल के जरिए आम आदमी पार्टी से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हुए नये कार्यकर्ताओं को हरियाणा के गांव-गांव, घर-घर भेजा गया।

उन्होंने ये भी बताया कि अब आम आदमी पार्टी के दूसरे राज्यों के पदाधिकारियों को हरियाणा भेजा जा रहा है। ये सभी हरियाणा में रहकर वहां इस कैंपेन को आगे बढ़ाएंगे।

गोपाल राय ने बताया कि राजस्थान से आए वरिष्ठ पदाधिकारियों को गुरुग्राम और भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभाओं की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश से आए वरिष्ठ पदाधिकारी करनाल, कुरुक्षेत्र और फरीदाबाद लोकसभाओं की जिम्मेदारी उठाएंगे।

ट्रेनिंग में आए वरिष्ठ पदाधिकारियों को संबोधित राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि हरियाणा के लोग बदलाव के लिए तैयार हैं। दिल्ली में हमने जैसी जीत हासिल की थी, वैसी ही जीत अब हरियाणा में चाहिए। आप सब अब हरियाणा में आम आदमी पार्टी का परचम लहराने के लिए संकल्प ले रहे हैं।