TWITTER INDIA SUSPENDS SIX TWITTER ACCOUNTS OF AAM AADMI PARTY

AAP के छह ट्विटर अकाउंट सस्पेंड, केजरीवाल ने लगाया साजिश का आरोप

Sun, 05 Mar
नई दिल्ली आम आदमी पार्टी (AAP) के छह ट्विटर हैंडल निलंबित कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई से नाराज आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर इंडिया पर हमला बोला है। केजरीवाल ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा है कि एक साजिश के तहत प्रतिदिन आप के समर्थकों के अकाउंट निलंबित किए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि AAP के छह ट्विटर हैंडल अब तक निलंबित किए जा चुके हैं। जो पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र व गोवा से जुड़े थे। शनिवार सुबह पहले आप के एक कार्यकर्ता ने ट्वीट किया कि एक और अकाउंट निलंबित कर दिया गया है। इसके बाद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि ट्विटर इंडिया ये क्यों कर रहा है। क्यों आप के समर्थकों के अकाउंट निलंबित कर रहे हैं।

AAP के एक कार्यकर्ता ने कहा कि अब तक ट्विटर इंडिया ने आप के समर्थकों के जो अकाउंट निलंबित किए हैं। इनमें न्यूज से संबंधित जानकारी डाली जाती थी। विभिन्न अखबारों में सरकार से संबंधित समाचारों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती थी। इन पर किसी तरह की आपत्तिजनक सामग्री शेयर नहीं की गई।

जानें किन परिस्थितियों में हो सकता है अकाउंट निलंबित

– जब कोई व्यक्ति अपने अकाउंट से किसी के बारे में अभद्र टिप्पणी करता है। किसी को धमकी देता है या फिर किसी और की पहचान इस्तेमाल करता है।

– जिस अकाउंट से झूठे या फालतू ट्वीट किए जाते हैं। जिसमें ट्विटर या उसके उपभोक्ताओं को नुकसान पहुंचने की आशंका होती है।

– कई बार किसी सही व्यक्ति का भी अकाउंट निलंबित हो जाता है। ऐसे में वेरिफिकेशन के बाद वह एकाउंट फिर से चालू कर दिया जाता है।